लक्सर। लक्सर-पुरकाजी हाईवे पर जेके टायर कंपनी के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार परिवार हादसे का शिकार हो गया, जिसमें तीन साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार कुलदीप पुत्र चमनदीप, निवासी ग्राम मजलिसपुर तौफिर, थाना भोपा (मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश) अपनी पत्नी रीना और तीन वर्षीय पुत्री प्रियांशु के साथ मोटरसाइकिल से लक्सर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे जेके टायर कंपनी के समीप पहुंचे, तभी पुरकाजी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम प्रियांशु ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कुलदीप और रीना सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की खबर फैलते ही आसपास के गांव शेखपुरी सहित अन्य क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने डंपर को घेरकर चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
सूचना मिलने पर लक्सर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को उग्र भीड़ के बीच से डंपर चालक को सुरक्षित निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए हायर सेंटर भिजवाया। वहीं बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में तहरीर के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल समझा-बुझाकर जाम खुलवा दिया गया है और हाईवे पर यातायात सुचारू करा दिया गया है। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है।
Trending
- सुल्तानपुर आदमपुर में ईद मिलादुन्नबी का भव्य जुलूस, नबी की शान में गूंजे नारे, उमड़ा अकीदतमंदों का हुजूम
- ढंडेरा गोलीकांड का खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, दो गिरफ्तार
- भगवानपुर में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई! सिटी हेल्थ केयर हॉस्पिटल सील, जांच में मचा हड़कंप
- पूर्व विधायक संजय गुप्ता के जन्मदिन पर उमड़ा जनसैलाब, समर्थकों ने फूल-मालाओं से किया स्वागत
- लक्सर में 25 अगस्त को लगेगा रोजगार मेला, 1200 से अधिक अवसर- रविंद्र सिंह आनंद
- कृषि यंत्र की सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर 10 हजार की रिश्वत लेते सहायक कृषि अधिकारी गिरफ्तार
- लक्सर कोतवाली में कांग्रेसियों का प्रदर्शन, खड़गे के कार्यक्रम के बाद कथित शुद्धिकरण पर कार्रवाई की मांग
- हरिद्वार ग्रामीण में जीवित मतदाताओं को मृत दर्शाकर आपत्ति, अपने ही नाम पर खुद आपत्ति का मामला; SIR प्रक्रिया पर उठे सवाल


