लक्सर। स्वच्छता और जल संरक्षण के उद्देश्य से चलाए जा रहे प्रोजेक्ट अमृत के अंतर्गत आज रविदास आश्रम स्थित पंचेवली घाट पर पवित्र बाण गंगा की सफाई का विशेष अभियान चलाया गया। इस अवसर पर लक्सर विधायक मोहम्मद शहजाद ने स्वयं उपस्थित होकर श्रमदान किया और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान घाट परिसर और जलधारा में फैली गंदगी को हटाया गया तथा श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया। विधायक शहजाद ने कहा कि यह पहल केवल सफाई अभियान नहीं, बल्कि समाज को जिम्मेदारी और जागरूकता का संदेश देने का संकल्प है।

उन्होंने कहा, “स्वच्छ जल ही स्वस्थ समाज की नींव है। यदि हमारे जल स्रोत सुरक्षित और स्वच्छ रहेंगे तो आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध पर्यावरण मिलेगा। प्रोजेक्ट अमृत का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाना है।”

कार्यक्रम में स्थानीय सामाजिक संगठनों, युवाओं और आश्रम से जुड़े श्रद्धालुओं ने भी सक्रिय भागीदारी की। सभी ने मिलकर घाट की सफाई कर स्वच्छ भारत के संकल्प को दोहराया।
विधायक शहजाद ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपने आसपास के जल स्रोतों की रक्षा करें और स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाएं।


