लक्सर। निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर लक्सर प्रेस क्लब एसोसिएशन द्वारा सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए प्रेस क्लब कार्यालय के सामने मुख्य मार्ग पर छबील लगाकर राहगीरों एवं स्थानीय लोगों को मीठा पानी वितरित किया गया। भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस सेवा कार्य से लोगों को काफी राहत मिली। सुबह से ही प्रेस क्लब के पदाधिकारी और सदस्य छबील स्थल पर पहुंच गए और आने-जाने वाले लोगों को मीठा पानी पिलाने का सिलसिला शुरू किया।

मुख्य मार्ग पर बड़ी संख्या में राहगीरों,वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने रुककर मीठा पानी ग्रहण किया। इस दौरान लोगों ने प्रेस क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सेवा और मानवता का संदेश देने वाला कार्य बताया। प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि निर्जला एकादशी सेवा, परोपकार और जनकल्याण की भावना को समर्पित पर्व है। इसी उद्देश्य से भीषण गर्मी में लोगों को राहत पहुंचाने के लिए छबील का आयोजन किया गया।
उन्होंने कहा कि सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य किए जाते रहेंगे। इस अवसर पर प्रेस क्लब के संरक्षक वरिष्ठ पत्रकार रजनीश कुमार, प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रवीण सैनी, महामंत्री जाने आलम, अध्यक्ष संजय धीमान, वरिष्ठ पत्रकार अरुण कुमार, वरिष्ठ पत्रकार मोहम्मद साजिद,पत्रकार लोकेश कुमार, गोविंद चौधरी, जोनी चौधरी, फरजाना खातून, फारुख अली, रजनीश सैनी, राहुल सैनी, सोमपाल सैनी, सुनील सैनी संदीप सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


