हरिद्वार। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की विधायक अनुपमा रावत ने ग्राम घोसीपुरा से सपेरा बस्ती होते हुए ग्राम अंबुवाला को जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। राज्य योजना के तहत लगभग 1 करोड़ 6 लाख रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग रही है।
बताया गया कि इस मार्ग का निर्माण करीब 20 वर्ष पहले हुआ था। समय के साथ सड़क पूरी तरह जर्जर हो गई थी, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब सड़क के पुनर्निर्माण से क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

करीब ढाई किलोमीटर लंबी यह सड़क ग्राम घोसीपुरा से सपेरा बस्ती होते हुए अंबुवाला तक जाएगी। सड़क निर्माण की घोषणा और शिलान्यास के बाद ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने विधायक अनुपमा रावत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सड़क के बनने से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और दैनिक आवागमन से जुड़े कार्य काफी आसान हो जाएंगे।

इस अवसर पर विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र का समग्र विकास है और जनता की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं तथा आगे भी विकास कार्यों की गति जारी रहेगी।

शिलान्यास कार्यक्रम में ग़ालिब अंसारी, तासींन, पाल सिंह चौहान, मयंक चौहान, हारून प्रधान, आज़म, मुस्तफ़ा, रियासत, सलीम, सहरूबाँन, शेषराज, राकिब, मेनपाल, धूम सिंह, पवन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


