लक्सर। लगातार बारिश के कारण सोलानी नदी का जलस्तर बढ़ने से लक्सर विधानसभा क्षेत्र के जैनपुर, लादपुर मुहम्मदपुर और आसपास के गांवों में जलभराव की स्थिति बन गई। तटबंध के ऊपर से पानी निकलकर आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंचने की सूचना मिलते ही विधायक मोहम्मद शहजाद मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

विधायक मो.शहजाद ने तहसीलदार लक्सर सहित संबंधित अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर बुलाकर जल निकासी और राहत कार्य शुरू कराया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए और राहत कार्य में तेजी लाई जाए। साथ ही जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक मो.शहजाद ने प्रभावित ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासन को हर स्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई कराने पर विधायक मो.शहजाद का आभार व्यक्त किया। प्रशासन ने भी क्षेत्र में जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त राहत एवं बचाव व्यवस्था करने की बात कही।


