लक्सर। चंदन पैलेस में रविवार को जन निर्माण पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया शर्मा की ओर से हरियाली तीज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। तीज के गीतों और रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाओं से कार्यक्रम स्थल का माहौल उत्सवी नजर आया।

कार्यक्रम में खानपुर विधायक एवं वरिष्ठ पत्रकार उमेश कुमार की पत्नी सोनिया शर्मा मुख्य रूप से शामिल हुईं। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर महिलाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से उनका स्वागत किया। उन्हें पटका पहनाकर सम्मानित भी किया गया। स्वागत के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
सोनिया शर्मा ने सभी महिलाओं को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तीज महिलाओं के जीवन में खुशियां और उमंग लेकर आने वाला पर्व है। पर्व-त्योहार हमारी संस्कृति और परंपराओं को मजबूत करते हैं। ऐसे आयोजनों से महिलाओं को एक-दूसरे से मिलने और खुशियां साझा करने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। महिलाओं को एकजुट होकर आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने तीज के पारंपरिक गीतों में हिस्सा लिया और एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
मेहंदी और चूड़ियों की रही व्यवस्था
हरियाली तीज समारोह में महिलाओं के लिए मेहंदी और चूड़ियों की विशेष व्यवस्था की गई थी। महिलाओं ने मेहंदी लगवाई और चूड़ियां पहनकर पर्व की खुशियां मनाईं। कार्यक्रम में सभी के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई थी।
कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से महिलाओं को एक मंच मिलता है और आपसी भाईचारा एवं मेलजोल बढ़ता है। महिलाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही।
महिला शक्ति का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान महिला शक्ति, संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया। जन निर्माण पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया। सोनिया शर्मा ने आयोजन में शामिल सभी महिलाओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
चंदन पैलेस में देर तक हरियाली तीज की खुशियों और उल्लास का माहौल बना रहा। महिलाओं की बड़ी भागीदारी के चलते कार्यक्रम की रौनक देखते ही बनी।


