लक्सर। आगामी कांवड़ मेला-2026 को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को कोतवाली लक्सर क्षेत्र के सुल्तानपुर आदमपुर चौकी क्षेत्र में पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च के माध्यम से संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया और लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाया गया।

जोनल अधिकारी मनोज असवाल के नेतृत्व में निकला फ्लैग मार्च अली चौक, कुन्हारी चौक समेत प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस ने एरिया डोमिनेशन करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से आगामी कांवड़ मेले को सकुशल संपन्न कराने में सहयोग की अपील की। साथ ही लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने, अफवाहों से बचने और पुलिस प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया।
फ्लैग मार्च में वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान, सुल्तानपुर चौकी प्रभारी वीरेंद्र नेगी, पुलिस बल एवं पैरामिलिट्री फोर्स के जवान मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


