लक्सर। सुल्तानपुर आदमपुर स्थित मदरसा इस्लामिया अरबिया मज़हरुल उलूम फुरकानिया का सालाना जलसा धार्मिक माहौल में संपन्न हुआ। जलसे की सदारत मौलवी आरिफ साहब ने की। कार्यक्रम में दीन-ए-तालीम (धार्मिक शिक्षा) की अहमियत पर विस्तार से रोशनी डाली गई। वक्ताओं ने समाज में आपसी भाईचारा, शांति और सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।

जलसे के दौरान मदरसे में कुरआन-ए-पाक हिफ्ज करने वाले सात छात्रों की दस्तारबंदी की गई। इस अवसर पर उलेमा और गणमान्य लोगों ने छात्रों को मुबारकबाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सात छात्रों की इस उपलब्धि पर मदरसा प्रबंधन और परिजनों में खुशी का माहौल रहा।

कार्यक्रम का संचालन कारी अब्दुल रहमान साहब ने किया। मुख्य वक्ता मौलाना आफताब साहब ने अपने संबोधन में धार्मिक शिक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं चेन्नई से आए मौलाना कदीर साहब ने देश और प्रदेश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली कायम रहने के लिए विशेष दुआ कराई।

इस अवसर पर लक्सर विधायक हाजी मोहम्मद शहजाद, हाजी नफीस, मौलाना मुर्सलीन नाजिम साहब, मुफ्ती दिलशाद अली, मुफ्ती राशिद अली, हाफिज शमीम, वासित अली, नौशाद अली, मकसूद अली, जावेद अली, परवेज अली और वसीम अली सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
जलसे के समापन पर आयोजकों ने सभी अतिथियों, उलेमा और कार्यक्रम में शामिल लोगों का आभार व्यक्त किया।


