नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर में निकाय चुनाव का मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। नगर पंचायत सुल्तानपुर में बंपर 90.80 फीसद मतदान हुआ।बंपर 90.80 मतदान होने के कारण हरिद्वार जनपद में नंबर वन रहा। अधिकारियों ने पोलिंग बूथों का निरीक्षण किया।

बृहस्पतिवार को नगर पंचायत चुनाव के मतदान के लिए नगर में मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। नगर पंचायत सुल्तानपुर के 09 वार्ड में 16 पोलिंग बूथ बनाए गए थे। सुबह सात बजे से मतदान आरंभ हुआ।

कुछ पोलिंग बूथ पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें लगना शुरू हो गई थी। जबकि कुछ पोलिंग बूथ पर सुबह के समय मतदाताओं की संख्या सुबह दस बजे के बाद बढ़ना आरंभ हुई। सुल्तानपुर में सुबह दस बजे तक 16.55 फीसद, दोपहर 12 बजे तक 34.08 फीसद, दोपहर दो बजे तक 51.67 फीसद तथा शाम चार बजे तक 80.06 फीसद मतदान हुआ था। शाम को निर्धारित पांच बजे तक भी मतदान केंद्रों पर मतदान के लिए लोगों की कतार लगी हुई थी।

देर शाम तक कुल 90.80फीसद मतदान हुआ। इस दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए थे। जिले के उच्च अधिकारियों ने सुल्तानपुर आदमपुर में पोलिंग बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।