गैंडीखाता की गुर्जर बस्ती और गाजीवाली में सड़क निर्माण से ग्रामीणों को मिलेगी राहत
लालढांग। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को 3.51 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़कों का शिलान्यास किया गया। कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत ने गैंडीखाता की गुर्जर बस्ती और गाजीवाली में नारियल तोड़कर निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया। इन सड़कों के निर्माण की मांग क्षेत्रवासी लंबे समय से कर रहे थे।

राज्य योजना के तहत स्वीकृत बजट से गुर्जर बस्ती की दो प्रमुख सड़कों सहित कुल छह किलोमीटर मार्ग का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही गाजीवाली में भी नई सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इन कार्यों से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।
विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक हिस्से का समान विकास करना उनका एकमात्र उद्देश्य है। उन्होंने मौके पर मौजूद कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान विधायक अनुपमा रावत और कांग्रेस के प्रदेश सचिव गुरजीत सिंह लहरी ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने क्षेत्र के विकास और सड़क निर्माण कार्यों को लेकर अपनी बात रखी।
गैंडीखाता गुर्जर बस्ती में सड़क निर्माण कार्यों के शिलान्यास से स्थानीय लोगों में सड़क सुविधा बेहतर होने की उम्मीद जगी है।


