लक्सर विधानसभा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग आखिरकार पूरी हो गई है। सुल्तानपुर नगर पंचायत क्षेत्र में बाकरपुर से टिक्कमपुर तक बनने वाले बायपास मार्ग को राज्य सरकार ने स्वीकृति दे दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से इस महत्वपूर्ण परियोजना को हरी झंडी मिलने के बाद गंगा पार क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

इस बायपास मार्ग के निर्माण से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में राहत मिलेगी, वहीं क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी। वर्षों से लंबित इस मांग के पूरा होने पर लोगों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया है।

लक्सर विधायक शहजाद ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि,
“यह बायपास मार्ग क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा। गंगा पार के लोगों को अब सीधा और सुविधाजनक मार्ग मिलेगा। मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों की भावनाओं का सम्मान किया है, इसके लिए हम सभी उनके आभारी हैं।”
उन्होंने सुल्तानपुर नगर पंचायत और लक्सर विधानसभा क्षेत्र की समस्त जनता को भी बधाई दी है।

यह होंगे प्रमुख लाभ:
नगर क्षेत्र के यातायात दबाव में कमी
गंगा पार क्षेत्र के लोगों को मिलेगा वैकल्पिक मार्ग
ग्रामीणों, व्यापारियों और छात्रों को मिलेगा सीधा लाभ
स्थानीय विकास को मिलेगा बढ़ावा
बाकरपुर से टिक्कमपुर तक यातायात होगा सुगम
बाजार और शहरी क्षेत्र की भीड़ से मिलेगा निजात

सरकारी स्तर पर स्वीकृति के बाद अब जल्द ही इस परियोजना के निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। स्थानीय प्रशासन ने भी भूमि चिन्हीकरण और अन्य औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के संकेत दिए हैं।