हरिद्वार। भारत सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर चयनित किए जाने वाले बेस्ट पुलिस स्टेशन की सूची में इस वर्ष उत्तराखंड से कोतवाली ज्वालापुर, जनपद हरिद्वार का नाम शामिल किया गया है। यह उपलब्धि न केवल हरिद्वार पुलिस बल्कि पूरे उत्तराखंड पुलिस विभाग के लिए गौरव का विषय है। कोतवाली ज्वालापुर ने अपराध नियंत्रण, उत्कृष्ट विवेचना, पारदर्शी कार्यप्रणाली और जनसेवा के उच्च मानकों पर खरा उतरते हुए राष्ट्रीय पहचान हासिल की है।

इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में आगामी गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर परेड ग्राउंड देहरादून में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महामहिम राज्यपाल महोदय द्वारा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा को उत्कृष्टता प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
गौरतलब है कि 5 अक्टूबर 2025 को गृह मंत्रालय, भारत सरकार की टीम द्वारा कोतवाली ज्वालापुर का भौतिक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था प्रबंधन, विवेचना की गुणवत्ता, जनसंपर्क, अभिलेखों की स्थिति तथा आधुनिक तकनीक के उपयोग जैसे कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन मूल्यांकन किया गया।

चयन प्रक्रिया के तहत अपराधों में कमी, हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार जैसे गंभीर मामलों का समयबद्ध खुलासा, वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के माध्यम से विवेचना, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण तथा समय से चार्जशीट दाखिल करने जैसे मानकों को प्रमुख आधार बनाया गया। इसके साथ ही संगठित अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण को भी विशेष रूप से सराहा गया।
कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर भी कोतवाली ज्वालापुर का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में प्रभावी पुलिसिंग, त्योहारों, मेलों, जुलूसों एवं आपात परिस्थितियों में बेहतर प्रबंधन तथा तनावपूर्ण हालात में त्वरित कार्रवाई क्षमता को मूल्यांकन में उच्च अंक मिले।

जनसेवा के क्षेत्र में थाना पुलिस द्वारा जनता से शालीन, संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार, शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, जनसुनवाई कार्यक्रमों एवं बीट पुलिसिंग के माध्यम से जनसंतोष सुनिश्चित करने को भी चयन का अहम आधार माना गया। महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों एवं कमजोर वर्ग की सुरक्षा के लिए किए गए प्रयासों को भी सराहा गया।
इसके अतिरिक्त साइबर एवं तकनीकी अपराधों पर त्वरित व प्रभावी कार्रवाई, स्मार्ट पुलिसिंग पहल, थाना परिसर की स्वच्छता, प्रशासनिक दक्षता तथा मानवाधिकारों के सम्मान जैसे बिंदुओं पर भी कोतवाली ज्वालापुर को उत्कृष्ट पाया गया।
कोतवाली ज्वालापुर का राष्ट्रीय स्तर पर चयन हरिद्वार पुलिस की प्रतिबद्धता, कर्मठता और जनसेवा के प्रति समर्पण का सशक्त प्रमाण है। यह उपलब्धि भविष्य में और अधिक बेहतर, संवेदनशील और आधुनिक पुलिसिंग के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह सम्मान जनता के विश्वास को और मजबूत करेगा तथा अपराध मुक्त समाज की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।


