हरिद्वार ग्रामीण।संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती के पावन अवसर पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत एवं हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत ने विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रानीमाजरा, तिलकपुरी, शाहपुर बादशाहपुर, इब्राहिमपुर, इक्कड़ सहित दर्जनों गांवों का दौरा किया। विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।

कार्यक्रमों के दौरान संत रविदास के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। वक्ताओं ने संत रविदास के जीवन, उनके विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश पर प्रकाश डाला। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि संत रविदास ने समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने संत रविदास के जीवन को संघर्ष, साधना और सामाजिक चेतना का प्रतीक बताया।
विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि संत रविदास ने जाति-पाति और भेदभाव से ऊपर उठकर समाज को एक सूत्र में बांधने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उनके समाधान का आश्वासन दिया गया।

दौरे के दौरान ग्रामीणों ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत एवं विधायक अनुपमा रावत का ढोल नगाड़ों के साथ पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पानी और शिक्षा से जुड़ी समस्याएं जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखीं।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक सौहार्द के वातावरण में संपन्न हुआ।


