लक्सर। लक्सर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर में संत शिरोमणि गुरु रविदास की 649वीं जयंती श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर नगर स्थित संत रविदास मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां शामिल रहीं, जो संत रविदास के जीवन, उनके उपदेशों और सामाजिक समरसता के संदेश को दर्शा रही थीं। शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी, जहां जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा और फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। शोभायात्रा के माध्यम से आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और देश की एकता का संदेश दिया गया।

मंगलवार को गुरु रविदास समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रमों के तहत संत रविदास मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। इससे पूर्व सोमवार को हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें नगर व आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

शोभायात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि लक्सर विधायक मो. शहजाद ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक संजय गुप्ता, वरिष्ठ समाजसेवी प्रमोद खारी, नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि ताहिर हसन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम में वरिस अहमद, शादाब अली सभासद, शमशाद सदर, सलीम अली, मोहन कुमार,सभासद सन्नवर राजा, मास्टर मुसर्रत अली,भूरा ठेकेदार,सभासद तसकिर अली सहित अनेक गणमान्य लोग व समाजसेवी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने संत रविदास के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके विचार आज भी समाज को समानता, प्रेम और सद्भाव का मार्ग दिखाते हैं। आयोजन को सफल बनाने में गुरु रविदास समिति के पदाधिकारियों व नगरवासियों का विशेष योगदान रहा।


