लक्सर। क्षेत्रीय विधायक मो.शहजाद द्वारा अपने कार्यालय पर आयोजित ईद मिलन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए। कार्यक्रम का माहौल आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द से सराबोर नजर आया।

इस अवसर पर विधायक शहजाद ने सभी का गर्मजोशी से स्वागत किया और ईद की मुबारकबाद देते हुए कहा कि ईद का त्योहार हमें एकता, प्रेम और आपसी सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि समाज में मिल-जुलकर रहने और एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होने से ही मजबूत समाज का निर्माण होता है।

कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की बधाई दी और मिठाइयां बांटकर खुशियां साझा कीं।

विधायक मो.शहजाद ने कार्यक्रम में पधारे सभी सम्मानित क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी का स्नेह और समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

ईद मिलन समारोह के दौरान खींचे गए छाया चित्रों में लोगों की उत्साहपूर्ण सहभागिता और आपसी भाईचारे की झलक साफ दिखाई दी।कुल मिलाकर यह आयोजन सामाजिक एकता और सौहार्द का प्रतीक बनकर सामने आया।


