लक्सर/हरिद्वार। हरिद्वार जनपद में 9 अक्टूबर को अचानक आई तेज आंधी, बारिश और भीषण ओलावृष्टि से किसानों की खड़ी फसलों को भारी नुकसान होने की बात सामने आई है। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में भी ओलावृष्टि से फसलों और कृषि उपज को नुकसान पहुंचा है। इसको लेकर हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में विधायक अनुपमा रावत ने बताया कि उत्तराखंड के कई क्षेत्रों के साथ हरिद्वार जनपद और विशेष रूप से हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में ओलावृष्टि से किसानों को नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि ओले इतने भीषण थे कि रास्ते पर चल रहे वाहनों के शीशे तक टूट गए। इससे ओलावृष्टि की तीव्रता और नुकसान का अंदाजा लगाया जा सकता है।
विधायक ने इसे किसानों के लिए गंभीर आपदा बताते हुए मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि प्रभावित किसानों के नुकसान का उचित आकलन कर उन्हें शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि नुकसान झेल रहे किसानों को राहत मिल सके।


