लक्सर।नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र संख्या-19 में शुक्रवार को बाल मेले का आयोजन हर्षोल्लास के माहौल में किया गया। आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री नफीसा परवीन के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में बच्चों के साथ अभिभावकों और समुदाय के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में उपस्थित बाल विकास परियोजना अधिकारी लक्सर सुधा त्रिपाठी ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और आयोजन की सराहना की।
आयोजक नफीसा परवीन के अनुसार मेले में 30 बच्चों, 40 अभिभावकों, 14 आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों, 7 सहायिकाओं, सुपरवाइज़र श्रीमती गंगा और अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन से अशहद जमाल ने प्रतिभाग किया।
बाल मेले में बच्चों ने डक रेस, भाव पहचान, बैलेंस रेस, भावगीत, कला गतिविधियाँ और कहानी सत्र में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं विभिन्न केंद्रों द्वारा लगाए गए टीएलएम, शिक्षण सामग्री, खिलौने, कहानी चार्ट और बच्चों के स्वयं निर्मित कार्यों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

बाल विकास परियोजना अधिकारी सुधा त्रिपाठी ने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में अभिव्यक्ति, सामाजिक सहभागिता और सीखने के कौशल को बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि बाल मेले जैसे कार्यक्रम आंगनवाड़ी केंद्रों को सशक्त शिक्षण केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन के अशहद जमाल ने बच्चों के उत्साह और समुदाय की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास और रचनात्मकता को नई दिशा देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रचनात्मकता, आत्मविश्वास और टीमवर्क का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के मेले नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे बच्चों के समग्र विकास को प्रोत्साहन मिले और आंगनवाड़ी केंद्रों की सकारात्मक छवि और मजबूत हो सके।


