लक्सर। नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को लक्सर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से अपनी गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस की लगातार दबिश और तकनीकी जांच के आगे उसकी चालाकी ज्यादा देर टिक नहीं सकी।
तहरीर के आधार पर दर्ज हुआ था मुकदमा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने 28 मार्च को कोतवाली लक्सर में तहरीर दी थी। इसमें ग्राम भोगपुर निवासी वंश पुत्र पप्पू पर उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया गया था। तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

एसएसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
घटना को गंभीर मानते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और नाबालिग की बरामदगी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित करने के निर्देश दिए। निर्देशों के बाद लक्सर पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में सक्रिय हो गई और कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
फरार होने की फिराक में था आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात के बाद लगातार स्थान बदल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में छिपता फिर रहा था। पुलिस टीम ने उसके संपर्कों, गतिविधियों और संभावित रूट्स की निगरानी की। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले।
रुड़की से पकड़ा आरोपी, नाबालिग सकुशल बरामद
लगातार प्रयासों के बाद 3 अप्रैल को पुलिस ने रुड़की क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी वंश पुत्र पप्पू को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ नाबालिग लड़की को भी बरामद किया गया।आरोपी खिलाफ संबंधित धाराओं सहित पोक्सो अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया है।
पुलिस कार्रवाई की सराहना
नाबालिग की सुरक्षित बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी पर स्थानीय लोगों ने लक्सर पुलिस की तत्परता की सराहना की है। क्षेत्र में पुलिस की इस कार्रवाई को बेहद प्रभावी और राहत देने वाला कदम माना जा रहा है।


