लक्सर। उत्तराखंड सरकार ने राशन कार्ड उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए अप्रैल 2026 में ही अप्रैल, मई और जून महीने का राशन एक साथ बांटने का निर्णय लिया है। सरकार के इस फैसले से लाखों उपभोक्ताओं को बार-बार राशन लेने की झंझट से छुटकारा मिलेगा।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि अंत्योदय और प्राथमिक परिवारों को एकमुश्त तीन महीने का खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा। विभाग का दावा है कि इससे वितरण प्रक्रिया अधिक सुगम और पारदर्शी बनेगी।
ई-पॉस मशीन से होगा पारदर्शी वितरण

राशन वितरण को शत-प्रतिशत पारदर्शी बनाने के लिए विभाग ने ई-पॉस मशीन आधारित ऑनलाइन व बायोमेट्रिक सिस्टम लागू किया है। लाभार्थियों को राशन लेते समय बायोमेट्रिक सत्यापन कराना अनिवार्य होगा। तीन महीने का राशन लेने के लिए लाभार्थियों को तीन बार फिंगरप्रिंट देना होगा, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि राशन सही व्यक्ति तक पहुंचे।
पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मिलेगा लाभ
यह सुविधा भारत सरकार की प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के दिशा-निर्देशों के तहत दी जा रही है। योजना के तहत अप्रैल 2026 में ही तीन महीने का राशन अग्रिम रूप से वितरित किया जाएगा।
सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था से उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें बार-बार राशन दुकानों पर नहीं जाना पड़ेगा। अंत्योदय और प्राथमिक परिवारों के लिए यह निर्णय खासे लाभकारी माना जा रहा है।


