लक्सर क्षेत्र के रायसी में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती पर शनिवार को हर्ष विद्या मंदिर डिग्री कॉलेज परिसर में भव्य व प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक प्रमुख डॉ. हर्ष कुमार दौलत के नेतृत्व में हुआ। कॉलेज के समीप स्थित मंदिर में विशिष्ट अतिथि राज्य मंत्री सुरेंद्र मोघा ने बाबा साहेब की प्रतिमा का अनावरण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान हजारों की भीड़ ने “जय भीम” के नारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. केपी सिंह ने की। ब्लॉक प्रमुख डॉ. हर्ष कुमार दौलत ने बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष और उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर का जीवन समाज के हर वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत है।

इस मौके पर वक्ताओं ने बाबा साहेब के विचारों को याद करते हुए कहा कि शिक्षा, समानता और बंधुत्व ही सशक्त समाज की आधारशिला हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, महिलाओं और युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी। संचालन मोहित कौशिक ने किया, जबकि राहुल अग्रवाल ने सहयोग किया।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री सुरेंद्र मोघा, पूर्व राज्य मंत्री डॉ. रामपाल सिंह, ब्लॉक प्रमुख डॉ. हर्ष कुमार दौलत, डॉ. केपी सिंह, डॉ. केपी तोमर, निशांत दौलत, जतिन कुमार, रविदास पीठ प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, मंडल अध्यक्ष भगत सिंह, ओबीसी मोर्चा प्रभात कुमार आर्य, सांसद प्रतिनिधि राहुल अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता मोहित कौशिक, मास्टर कुशल पाल सैनी, सुरेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, मातृशक्ति व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
पूरे आयोजन में भक्ति, उत्साह और सामाजिक जागरूकता का माहौल देखने को मिला।


