लक्सर कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर में शादी समारोह में शामिल होने गए परिवार के सूने घर को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और नगदी चोरी कर ली। रात में परिवार के लौटने पर घटना का पता चला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य मजहर हसन के भाई मजाहिद हसन का पूरा परिवार पूर्व विधायक प्रतिनिधि इकबाल नेता की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए ग्रीन फार्म हाउस गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी व कमरों में रखे सोने के जेवरात तथा नगदी पर हाथ साफ कर दिया।

रात जब परिवार शादी समारोह से वापस लौटा तो घर का मुख्य दरवाजा टूटा मिला और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी के ताले टूटे हुए थे तथा उसमें रखे कई लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और नगदी गायब थी। चोरी की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।
नगर में हुई इस चोरी की वारदात से लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।


