लक्सर क्षेत्र के नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर के मोहल्ला ढाब में जल निकासी की समस्या को लेकर स्थानीय स्तर पर असंतोष बढ़ता जा रहा है। इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए क्षेत्र के सभासद तसकीर अहमद, मुसर्रत अली और शमशाद अली ने शनिवार को लक्सर विधायक मो. शहजाद को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की।
सभासदों ने अवगत कराया कि मोहल्ला ढाब में स्थित खाली भूमि से पानी की निकासी के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। पक्का नाला न होने के कारण लंबे समय से जलभराव बना रहता है, जिससे गंदगी फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि स्थानीय निवासियों को रोजाना इस समस्या से जूझना पड़ रहा है, जिससे उनके जनजीवन पर भी असर पड़ रहा है।

इसके अलावा ज्ञापन में नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर स्थित ईदगाह के पास बड़े तालाब की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया। बताया गया कि इस तालाब में नगर के बड़े हिस्से और आसपास के खेतों का वर्षा जल एकत्रित होता है, लेकिन निकासी के लिए बना नाला अभी भी कच्चा है। भारी बारिश के दौरान नाला पानी का दबाव नहीं झेल पाता, जिससे पानी ओवरफ्लो होकर लोगों के घरों और पास स्थित मीरावाली कब्रिस्तान में भर जाता है। इससे कच्चे मकानों के गिरने का खतरा बना रहता है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ज्ञापन में मांग की गई कि ईदगाह वाले तालाब से लेकर सुल्तान शाह मजार तक पक्का नाला निर्माण कराया जाए, ताकि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके और क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
विधायक मो. शहजाद ने सभासदों को आश्वस्त किया कि समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराया जाएगा, जिससे लोगों को जल्द राहत मिल सके।


