लक्सर। महाराजा भगीरथ जयंती के अवसर पर लक्सर क्षेत्र में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा। यात्रा का नगर के विभिन्न स्थानों पर जोरदार स्वागत किया गया।
शोभायात्रा मुख्य मार्गों से होते हुए नगर क्षेत्र में निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाजसेवी और युवा शामिल रहे। यात्रा के दौरान महाराजा भगीरथ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए जलपान एवं स्वागत की विशेष व्यवस्थाएं भी की गईं।

इस दौरान लक्सर विधायक मो. शहजाद ने अपने कैंप कार्यालय पर शोभायात्रा का पुष्प वर्षा और फूल-मालाओं से स्वागत किया। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए मीठे पानी की व्यवस्था भी कराई। विधायक ने कहा कि महाराजा भगीरथ का जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके आदर्शों पर चलकर समाजहित में कार्य करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने महाराजा भगीरथ के महान योगदान को याद करते हुए उनके भागीरथ प्रयत्न से मां गंगा के अवतरण का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि महाराजा भगीरथ ने कठोर तपस्या और अथक प्रयासों से मां गंगा को धरती पर लाकर मानव कल्याण का मार्ग प्रशस्त किया, जो आज भी समर्पण और संघर्ष की प्रेरणा देता है।
आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को अपनी संस्कृति, इतिहास और महापुरुषों के आदर्शों से जोड़ने का कार्य करते हैं। शोभायात्रा के समापन पर समाज में एकता, सद्भाव और महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।इस मौके पर अर्जुन सैनी प्रधान, नरेंद्र कुमार सैनी, अनुज सैनी, कपिल सैनी, लकी, इस्तकार अली, जावेद खत्री,सलीम अहमद, डॉ चरण सिंह, तनवीर अली,जसवीर,शिवकुमार, रोहित आदि बड़ी संख्या में लोग मौजूद है।


