लक्सर। खानपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से प्रतीक्षित सार्वजनिक परिवहन सुविधा की सौगात मिल गई है। बुधवार को रुड़की से दल्लावाला तक नई रोडवेज बस सेवा का शुभारंभ किया गया। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा और खानपुर विधायक उमेश कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया।
यह नई बस सेवा रुड़की, ढंढेरा, लंढोरा और लक्सर क्षेत्र से जुड़े दर्जनों गांवों के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएगी। क्षेत्रवासी लंबे समय से इस मार्ग पर नियमित बस सेवा शुरू करने की मांग कर रहे थे।
शुभारंभ समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। बस सेवा शुरू होने के बाद परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा और विधायक उमेश कुमार स्वयं बस में सवार हुए तथा मिलिट्री चौराहे तक यात्रा कर यात्रियों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को भी सुना।

इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर और सुलभ परिवहन सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए परिवहन सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।
विधायक उमेश कुमार ने कहा कि रुड़की-दल्लावाला बस सेवा क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस सेवा से हजारों लोगों को प्रतिदिन आवागमन में सुविधा मिलेगी और उन्हें निजी वाहनों पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी।
नई बस सेवा शुरू होने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए सरकार और जनप्रतिनिधियों का आभार जताया। लोगों का कहना है कि इससे विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और ग्रामीण यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।


