लक्सर। कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर आदमपुर में गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बालक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पतंजलि हर्बल फूड पदार्थ कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों को लेकर जा रही एक तेज रफ्तार बस इस्माईलपुर रोड से गुजर रही थी। इसी दौरान सुल्तानपुर की ओर आ रहे आयुष पुत्र ब्रह्मपाल एवं अंशुल पुत्र समय, निवासी पचेवाली, को बस ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंशुल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आयुष गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। बालक की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और न्याय की मांग की। मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सूचना मिलने पर लक्सर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने घायल बालक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जबकि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्थिति को नियंत्रित किया जा सका।
पुलिस के अनुसार हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं, हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


