हरिद्वार। ऑल मीडिया जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन उत्तराखण्ड (अमजा) की हरिद्वार जनपद इकाई की महत्वपूर्ण बैठक जिला पंचायत सभागार में प्रदेश अध्यक्ष बृजेन्द्र हर्ष की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश तौमर के आकस्मिक निधन के बाद रिक्त चल रहे जिला अध्यक्ष पद सहित हरिद्वार जनपद एवं लक्सर इकाई के विभिन्न पदों पर सर्वसम्मति से चुनाव संपन्न कराए गए।
बैठक में चर्चा के बाद हरिद्वार जनपद इकाई के जिलाध्यक्ष पद पर चंचल तौमर, महासचिव पद पर संजय लाम्बा तथा कोषाध्यक्ष पद पर प्रमेन्द्र नारायण का सर्वसम्मति से चयन किया गया।

इसके बाद लक्सर इकाई के पदाधिकारियों का भी चयन किया गया। सर्वसम्मति से जाने आलम को लक्सर इकाई का अध्यक्ष, दीपक कुमार को महासचिव तथा मौ. साजिद को कोषाध्यक्ष चुना गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि हरिद्वार जनपद एवं लक्सर इकाई के अध्यक्ष और महासचिव एक सप्ताह के भीतर अपनी-अपनी कार्यकारिणी का गठन कर प्रदेश इकाई को इसकी सूचना देंगे।

प्रदेश अध्यक्ष बृजेन्द्र हर्ष ने संगठन के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती पारदर्शिता, लोकतांत्रिक प्रक्रिया और सर्वसम्मति से लिए गए निर्णयों पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि जिन संस्थाओं में बिना आम सहमति के मनमाने निर्णय लिए जाते हैं, उनका भविष्य अधिक समय तक मजबूत नहीं रह पाता। उन्होंने संगठन के प्रत्येक सदस्य की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि केवल पदाधिकारी ही नहीं, बल्कि हर सदस्य के समर्पण और सहयोग से संगठन मजबूत होता है।

चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष सहित सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का सदस्यों ने माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। बैठक को पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष नरेन्द्र प्रधान तथा संस्थापक महासचिव मनीष कांगरान ने भी संबोधित किया।
बैठक में जनपद के अधिकांश सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान मनीष पाल, सुरेश भारद्वाज, धर्मराज, बबलू थपलियाल, रविकांत बेलवाल, मित्रपाल, मोहम्मद इस्लाम, प्रवीण सैनी, बृजमोहन शर्मा, पहल सिंह, अरुण कुमार, लोकेश कुमार, जोनी चौधरी, प्रवीण कश्यप, विनोद धीमान, नाथीराम कश्यप,राहुल सैनी, सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के सफल आयोजन एवं सर्वसम्मति से हुए चुनाव के बाद संगठन के सदस्यों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।


