हरिद्वार ग्रामीण। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सदस्यता ग्रहण करने पर हरिद्वार ग्रामीण के कांग्रेस नेता एवं पूर्व पीसीसी सदस्य इरशाद अली को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की ओर से आदेश जारी किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, इरशाद अली द्वारा कांग्रेस की नीतियों के विपरीत जाकर दूसरी राजनीतिक पार्टी की सदस्यता लेना अनुशासनहीनता माना गया है। इसी आधार पर प्रदेश नेतृत्व ने उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से छह वर्ष के लिए निष्कासन का निर्णय लिया है।
कांग्रेस की इस कार्रवाई को विधानसभा चुनाव से पहले संगठन में अनुशासन बनाए रखने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनावी माहौल में पार्टी दल-बदल और अनुशासनहीनता को लेकर सख्त संदेश देना चाहती है। वहीं, इरशाद अली के निष्कासन के बाद हरिद्वार ग्रामीण की राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।


