लक्सर। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग, तहसील प्रशासन और लक्सर पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध मावा निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। टीम ने खरंजा कुतुबपुर स्थित दो मावा निर्माण इकाइयों पर छापेमारी कर उन्हें बिना वैध खाद्य लाइसेंस संचालित पाए जाने पर सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी।

अपर आयुक्त खाद्य सुरक्षा गढ़वाल मंडल आर.एस. रावत के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान कुरबान पुत्र छब्बर और इलियास पुत्र असरफ की इकाइयों में बिना लाइसेंस मावा निर्माण और दूध विक्रय किया जा रहा था। जांच के समय संचालक आवश्यक अभिलेख और अनिवार्य दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सके।
टीम ने दोनों इकाइयों से मावा निर्माण में प्रयुक्त दूध के तीन नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं। साथ ही बिना वैध लाइसेंस खाद्य निर्माण इकाई संचालित करने और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने के आरोप में दोनों संचालकों के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई के दौरान जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, तहसीलदार लक्सर, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन, दीवान राणा तथा लक्सर थाना पुलिस की टीम मौजूद रही। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।


