लक्सर। विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची से कटे नामों को दोबारा जुड़वाने के मुद्दे पर रविवार को विधायक मोहम्मद शहजाद के नवनिर्मित कार्यालय पर सर्व समाज की बैठक हुई। इसमें बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, पार्टी पदाधिकारी, क्षेत्र के कार्यकर्ता और विभिन्न समुदायों के लोग शामिल हुए। बैठक में पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए अभियान चलाने पर जोर दिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक मोहम्मद शहजाद ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान का अधिकार सुरक्षित रहना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर ऐसे लोगों की पहचान करने और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उनके नाम दोबारा मतदाता सूची में जुड़वाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
विधायक ने कहा कि उनके कार्यकाल में लक्सर विधानसभा क्षेत्र में बिना किसी जाति, धर्म और वर्ग के भेदभाव के विकास कार्य कराए गए हैं। सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
बैठक में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। विधायक ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनसंपर्क अभियान तेज करने और सर्व समाज के सहयोग से चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
बैठक में मौजूद पार्टी पदाधिकारियों ने भी मतदाता जागरूकता अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने तथा पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने क्षेत्र के विकास और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक के समापन पर कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने का निर्णय लिया।


