लक्सर। लक्सर विधानसभा की राजनीति में रविवार को नया राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया। भारतीय जनता पार्टी से जुड़े काफी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने सामूहिक रूप से पार्टी की सदस्यता छोड़ने की घोषणा की। खुद को प्रमोद खारी ब्रिगेड का हिस्सा बताने वाले कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनका नेतृत्व प्रमोद खारी कर रहे हैं और वह भविष्य में जिस भी राजनीतिक दल में जाएंगे, वे भी उनके साथ उसी दल में शामिल होंगे।

कार्यकर्ताओं ने प्रमोद खारी के भाजपा छोड़ने के निर्णय का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा क्षेत्र के लोगों के बीच रहकर जनसेवा की है। उनका कहना था कि नेतृत्व पर विश्वास के चलते उन्होंने भी भाजपा से अलग होने का फैसला लिया है।
उल्लेखनीय है कि प्रमोद खारी पहले कांग्रेस में सक्रिय रहे और बाद में भाजपा में शामिल हुए थे। अब भाजपा की प्राथमिक सदस्यता छोड़ने के बाद उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर चर्चाएं तेज हैं।

राजनीतिक गलियारों में उनके कांग्रेस में वापसी की अटकलें लगाई जा रही हैं, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि प्रमोद खारी के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी किसी नए दल में शामिल होते हैं तो इसका असर लक्सर विधानसभा की राजनीति और वर्ष 2027 के चुनावी समीकरणों पर पड़ सकता है।
फिलहाल क्षेत्र में प्रमोद खारी के अगले राजनीतिक फैसले का इंतजार किया जा रहा है। उनके आगामी कदम को लेकर समर्थकों और राजनीतिक दलों की निगाहें टिकी हुई हैं।


