लक्सर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को नगर पंचायत सुलतानपुर आदमपुर के अली चौक पर विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका और घटना की निष्पक्ष जांच कराने के साथ नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए उनके इस्तीफे की मांग उठाई।

प्रदर्शन में कलाम टीम, क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन, प्रगतिशील महिला एकता केंद्र तथा नगर क्षेत्र के कई नागरिक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर छात्रों के समर्थन में नारे लगाए और कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग किसी भी स्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता।
कार्यक्रम का संचालन क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन के संयोजक नसीर अहमद ने किया। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। यदि छात्रों के साथ अन्याय होता है तो समाज के सभी वर्गों को उनके समर्थन में आगे आना चाहिए।
प्रदर्शन में शकील अहमद, मास्टर अंसार, अवधेश कुमार, नीता और रजनी समेत कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार रखे। वहीं प्रगतिशील महिला एकता केंद्र की केंद्रीय उपाध्यक्ष के नेतृत्व में कलाम टीम के आजम कलाम, शाहरुख और नादिर अली, तौफीक अनवर अपने समर्थकों के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए।
वक्ताओं ने कहा कि छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए और यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने मांग की कि घटना की नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा दें।
प्रदर्शन के दौरान अली चौक पर “छात्र एकता जिंदाबाद”, “शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो” और “लोकतंत्र पर हमला बंद करो” जैसे नारों से माहौल गूंजता रहा। प्रदर्शनकारियों ने पुतला दहन के बाद चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा तथा बड़े स्तर पर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया जाएगा।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और छात्रों के समर्थन में अपनी एकजुटता व्यक्त की।


