लक्सर विधानसभा क्षेत्र के टिक्कमपुर स्थित सेट जेपी स्कूल में भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री सूर्यकांत सैनी के नेतृत्व में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं ने रोजगार, नीट पेपर लीक, महिला सुरक्षा, खेल सुविधाओं और शिक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश महामंत्री युवा मोर्चा दीपेंद्र सिंह कोश्यारी एवं भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित संवाद सत्र में युवाओं ने सरकार से जुड़े विभिन्न विषयों पर सीधे सवाल पूछे। युवाओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं, बढ़ती बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा और खेल मैदानों की कमी को लेकर चिंता जताई। इस पर डॉ. निशंक ने कहा कि युवाओं के सवाल और उनकी भागीदारी लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, रोजगार और युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा उनकी उचित मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
प्रदेश महामंत्री युवा मोर्चा दीपेंद्र सिंह कोश्यारी ने युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और सुझाव विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के संयोजक एवं भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री सूर्यकांत सैनी ने कहा कि युवा संवाद का उद्देश्य युवाओं को अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे वरिष्ठ नेतृत्व तक पहुंचाने का अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों, युवाओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, डॉ. विजय सैनी, डॉ. विजय गुप्ता, लव शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी से कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।


