लक्सर। हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लक्सर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि आठ अगस्त को रामलीला मैदान में खड़गे की सभा हुई थी। इसके दो दिन बाद 10 अगस्त को श्री राम धर्मार्थ सेवा न्यास के अध्यक्ष गिरिश चंद्र पांडेय समेत अन्य लोगों ने यज्ञ और गंगाजल का छिड़काव कर मैदान का कथित शुद्धिकरण किया। इस कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
कांग्रेस ने इसे सामाजिक भेदभाव और छुआछूत की मानसिकता को बढ़ावा देने वाला कृत्य बताते हुए एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की मांग की। जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने भाजपा पर दलित और संविधान विरोधी मानसिकता रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश संविधान से चलता है, मनुवादी सोच और छुआछूत से नहीं। यह लड़ाई केवल खड़गे के सम्मान की नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और संविधान की रक्षा की है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।


