हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में 27 जनवरी को हुई तेज़ बारिश, आंधी और ओलावृष्टि से किसानों की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र सहित जिले के कई गांवों में खेतों में खड़ी गेहूं, सरसों, गन्ना सहित अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। अचानक आई प्राकृतिक आपदा से किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

इस संबंध में हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर जिले की स्थिति से अवगत कराया है। विधायक ने पत्र में बताया कि तेज़ बारिश और ओलावृष्टि के कारण किसानों की महीनों की मेहनत नष्ट हो गई है और कई गांवों में फसलें पूरी तरह तबाह हो चुकी हैं।

विधायक अनुपमा रावत ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन द्वारा शीघ्र स्थलीय निरीक्षण कराया जाए, ताकि फसल क्षति का वास्तविक आकलन किया जा सके। साथ ही उन्होंने प्रभावित किसानों को उचित मुआवज़ा एवं फसल बीमा राशि तत्काल उपलब्ध कराने तथा आपदा से प्रभावित किसानों के कृषि ऋण को पूर्ण रूप से माफ किए जाने की मांग की है।

विधायक अनुपमा रावत ने कहा, “हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र के किसान पहले से ही कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं। प्राकृतिक आपदा ने उनकी कमर तोड़ दी है। सरकार को चाहिए कि संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत राहत कार्य शुरू करे, ताकि किसानों को आर्थिक संबल मिल सके।”
विधायक ने कहा कि किसानों की मदद करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। वहीं प्रभावित किसानों ने भी राज्य सरकार से शीघ्र राहत और मुआवज़ा दिए जाने की उम्मीद जताई है।


