रूड़की। गंगनहर क्षेत्र में आईआईटी के एक छात्र के डूबने की दर्दनाक घटना के बाद पुलिस और राहत एजेंसियों का रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हरिद्वार ने स्वयं मौके पर पहुंचकर ग्राउंड ज़ीरो का निरीक्षण किया और सर्च ऑपरेशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस के अनुसार 11 फरवरी 2026 को शाम लगभग 6:20 बजे रविदास घाट के पास गंगनहर में एक छात्र के डूबने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, जल पुलिस और प्रशासनिक टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि आईआईटी रुड़की के एमबीए द्वितीय वर्ष के छात्र आशीष शुक्ला अपने दोस्तों के साथ गंगनहर किनारे घूमने गए थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गंगनहर में गिर गए और तेज बहाव में बहते हुए लापता हो गए।

घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी हरिद्वार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर रेस्क्यू अभियान तेज करने के निर्देश दिए। छात्र की तलाश के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जल पुलिस और रुड़की आर्मी की संयुक्त टीमें लगाई गई हैं। गोताखोरों और आधुनिक उपकरणों की मदद से गंगनहर के विभिन्न हिस्सों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सर्च ऑपरेशन संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ लगातार जारी है। आसपास के घाटों और डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों को भी अलर्ट किया गया है। छात्र के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।


