हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विधायक अनुपमा रावत ने शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत से मुलाकात कर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे। मंत्री ने इन मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।

विधायक अनुपमा रावत ने बताया कि ग्राम श्यामपुर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में लंबे समय से विज्ञान, वाणिज्य और कला वर्ग शुरू कराने की मांग उठ रही थी। इस पर शिक्षा मंत्री ने कॉलेज में तीनों वर्ग शुरू करने के आदेश जारी कर दिए हैं, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को अब अन्य स्थानों पर पढ़ाई के लिए नहीं जाना पड़ेगा।

इसके अलावा ग्राम इक्कड़ कलां स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को इंटरमीडिएट (12वीं) तक उच्चीकृत करने के आदेश भी दिए गए हैं। वहीं उच्चतर प्राथमिक विद्यालय कटारपुर और सराय को हाईस्कूल (10वीं) तक उच्चीकृत करने की स्वीकृति भी प्रदान की गई है।

विधायक अनुपमा रावत ने बताया कि ग्राम इक्कड़ कलां के प्राथमिक विद्यालय को भी जूनियर हाईस्कूल में उच्चीकृत करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। इन फैसलों से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें दूर-दराज के स्कूलों में पढ़ने जाने की मजबूरी से राहत मिलेगी।

विधायक ने शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और आगे भी जनहित के मुद्दों को सरकार के सामने मजबूती से उठाती रहेंगी।


