हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की विधायक अनुपमा रावत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे टांडा भागमल गांव में तेज धूप के बीच किसानों के साथ खेतों में गेहूं की कटाई करती नजर आ रही हैं। उनके इस अंदाज ने ग्रामीणों का ध्यान खींचा है।

ग्राम टांडा भागमल में उस समय उत्साह और खुशी का माहौल बन गया जब विधायक अनुपमा रावत अचानक खेतों में पहुंचीं और किसान महिलाओं के साथ मिलकर गेहूं की फसल काटने लगीं। उन्होंने न केवल फसल कटाई में हाथ बंटाया, बल्कि कृषि कार्य का अनुभव भी साझा किया।

इस दौरान विधायक ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी मेहनत को सम्मान देना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों की समस्याओं का समाधान करना और उन्हें हर संभव सुविधा उपलब्ध कराना है।
खेतों में विधायक को अपने बीच पाकर महिला किसानों और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई महिलाओं ने उनके साथ मिलकर फसल कटाई की और अपनी समस्याओं से भी अवगत कराया।
ग्रामीणों का कहना है कि विधायक को इस तरह खेतों में काम करते हुए देखना उनके लिए प्रेरणादायक अनुभव रहा। लोगों ने कहा कि यह पहली बार है जब कोई जनप्रतिनिधि सीधे खेत में उतरकर किसानों के साथ मेहनत करता नजर आया है, जिससे उनका हौसला भी बढ़ा है। ग्रामीणों ने विधायक अनुपमा रावत के इस सादगीपूर्ण और जमीनी जुड़ाव वाले व्यवहार की जमकर सराहना की।


