हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र के चर्चित रवि चौहान हत्याकांड का हरिद्वार पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्या जमीनी विवाद के चलते सुपारी देकर कराई गई थी। मृतक के रिश्तेदारों ने डेढ़ लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी थी, जिसके बाद दो युवकों ने शराब पिलाकर रवि चौहान की हत्या कर शव रानीपुर झाल में फेंक दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल बाइक और सुपारी की रकम में से 61 हजार रुपये बरामद किए हैं, जबकि हत्या की साजिश रचने वाले फरार मामा-भांजे की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक 17 अप्रैल 2026 को ज्वालापुर निवासी महिला ने कोतवाली में अपने पति रवि चौहान के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि उसके पति घर से बिना बताए कहीं चले गए हैं और उनका कोई पता नहीं चल पा रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर रवि चौहान की तलाश शुरू की।
दो दिन तक तलाश के बाद 19 अप्रैल को रवि चौहान का शव रानीपुर झाल के पास बरामद हुआ। शव की स्थिति देखकर पुलिस को प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद ली। इसमें पता चला कि दो युवक मोटरसाइकिल पर रवि चौहान को बीच में बैठाकर हरीलोक तिराहे से रानीपुर झाल की तरफ ले गए थे। पुलिस ने संदिग्धों की पहचान के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया, जिसके बाद जानकारी मिली कि आरोपियों में से एक ज्वालापुर का हिस्ट्रीशीटर नदीम है।
पुलिस ने नदीम को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपने साथी दानिश अली के साथ मिलकर हत्या की बात कबूल कर ली। पूछताछ में सामने आया कि सीतापुर निवासी चाचा-भतीजे ने रवि चौहान की हत्या के लिए डेढ़ लाख रुपये की सुपारी दी थी। योजना के तहत आरोपियों ने रवि चौहान को पहले शराब पिलाई, फिर मारपीट कर उसका गला घोंट दिया और उसे मृत समझकर शव को रानीपुर झाल के पास फेंक दिया।
जांच में सामने आया कि रवि चौहान को उसके भाई ने उपहार स्वरूप कुछ जमीन दी थी। इसी जमीन को लेकर भाई का दामाद नाराज चल रहा था और मृतक के परिवार पर लगातार दबाव बना रहा था। विवाद शांत कराने के लिए रवि चौहान ने एक प्लॉट भी रिश्तेदार के नाम किया, लेकिन लालच कम नहीं हुआ। आखिरकार जमीन हथियाने के लिए हत्या की साजिश रची गई और सुपारी देकर रवि चौहान की जान ले ली गई।
पुलिस ने हत्या में शामिल हिस्ट्रीशीटर नदीम और उसके साथी दानिश अली को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और सुपारी की रकम में से 61 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस ने गुमशुदगी के मामले को हत्या की धाराओं में तरमीम कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्या की सुपारी देने वाले मामा-भांजे फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस पूरे हत्याकांड के खुलासे से एक बार फिर साफ हो गया कि जमीन-जायदाद के लालच में रिश्तों की मर्यादा किस तरह खत्म होती जा रही है। हरिद्वार पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मृतक के परिजनों को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।
Trending
- लक्सर पुलिस की मुस्तैदी से टली बड़ी वारदात, 10 लाख की फिरौती मांगने वाले तीन आरोपी हथियारों सहित गिरफ्तार
- जमीनी लालच में ली गई जान, रवि चौहान हत्याकांड का खुलासा; सुपारी लेकर हत्या करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
- हरिद्वार में गैंगवार की साजिश नाकाम, फायरिंग कांड का 8 घंटे में खुलासा; 2 नाबालिग समेत 5 दबोचे
- समर फातिमा ने हाईस्कूल परीक्षा में 92 फीसदी अंक पाकर बढ़ाया मान,सिविल सेवा में जाकर देशसेवा करना चाहती हैं समर
- पूर्व चेयरमैन राजवीर सैनी की कांग्रेस में घर वापसी, विधायक अनुपमा रावत के नेतृत्व में फिर थामा कांग्रेस पार्टी का दामन
- पूर्व चेयरमैन राजवीर सैनी की कांग्रेस में घर वापसी, विधायक अनुपमा रावत के नेतृत्व में फिर थामा कांग्रेस पार्टी का दामन
- सीबीएसई बोर्ड में 97 प्रतिशत अंक लाकर अक्सा अंसारी ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, इकराम हसन ने किया सम्मानित
- पूर्व जिला पंचायत मजहर हसन के भाई के सूने घर में लाखों की चोरी, परिवार गया था शादी समारोह में


