हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गाड़ोवाली के विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों की शिक्षा के लिए एक बड़ी सौगात मिली है। सदन के विशेष सत्र में हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत की पहल पर ग्राम गाड़ोवाली स्थित विद्यालय को 10वीं कक्षा तक उच्चीकृत करने का आदेश माननीय मंत्री से कराया गया। इस निर्णय के बाद गांव में खुशी का माहौल है और ग्रामीण इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मान रहे हैं।

अब तक गांव के बच्चों को आठवीं के बाद आगे की पढ़ाई के लिए दूसरे गांव या कस्बों में जाना पड़ता था। दूरी और संसाधनों की कमी के कारण सबसे अधिक परेशानी बेटियों को होती थी। कई परिवार सुरक्षा और आवागमन की दिक्कतों के कारण बेटियों की पढ़ाई बीच में ही रुकवा देते थे। विद्यालय के 10वीं तक उच्चीकृत होने से अब गांव के बच्चों को स्थानीय स्तर पर ही आगे की शिक्षा मिल सकेगी।

विधायक अनुपमा रावत ने इसे अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। उनका मानना है कि इस फैसले से ग्राम गाड़ोवाली के बच्चों का भविष्य मजबूत होगा और बेटियों की शिक्षा को नया बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह की पहल ग्रामीण विकास की दिशा में अहम कदम है।
ग्रामीणों और अभिभावकों ने इस फैसले पर प्रसन्नता जताते हुए विधायक अनुपमा रावत और मंत्री का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि यह लंबे समय से गांव की प्रमुख मांग थी, जो अब पूरी हो गई है। इससे गांव में शिक्षा का स्तर सुधरेगा और बच्चों को बेहतर अवसर मिलेंगे।
ग्रामीणों के अनुसार यह निर्णय बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ ग्राम गाड़ोवाली के विकास में भी मील का पत्थर साबित होगा।


