पथरी। थाना पथरी क्षेत्र के फुलगढ़ जंगल में नाबालिग से कथित दुष्कर्म और उसके साथ मौजूद युवक से मारपीट के मामले में हरिद्वार पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे, जिनकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई की रात एक युवक और नाबालिग लड़की फुलगढ़ जंगल के पास पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया। आरोप है कि कुछ युवकों ने लड़के के साथ मारपीट की, जबकि मुख्य आरोपी महेश उर्फ मंत्री ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
13 जुलाई को पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर थाना पथरी में तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल से एफएसएल टीम की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और तीन विशेष टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर फुलगढ़ जंगल क्षेत्र में छापेमारी कर छह आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद उन्हें विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है तथा सभी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों में मोहित कुमार, सुमित, आशु, शुभम, महेश उर्फ मंत्री और आकाश शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम फुलगढ़, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के निवासी बताए गए हैं।


