हरिद्वार ग्रामीण। ग्राम नसीरपुर कला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक प्रधान जाफर अली की अध्यक्षता में नौशाद अली के आवास पर हुई। बैठक में मुख्य अतिथि हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत का ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दे विधायक के समक्ष रखे।

प्रधान पति साजिद अली ने नसीरपुर कला के जूनियर हाईस्कूल को बालिका हाईस्कूल में उच्चीकृत करने और गांव में आधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम बनाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि गांव में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन खेल मैदान और पर्याप्त सुविधाएं नहीं होने के कारण युवाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
साजिद अली ने कहा कि विधायक अनुपमा रावत के प्रयासों से गांव में करीब तीन करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं। अधिकांश गलियों का पक्कीकरण हो चुका है और कई गलियों में टाइल लगाने का कार्य भी कराया गया है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गति आगे भी जारी रहेगी। वर्ष 2027 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर गांव के चहुंमुखी विकास का दावा भी किया।
विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि शिक्षा, खेल, सड़क और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि स्टेडियम की मांग को गंभीरता से उठाया जाएगा और क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने गांव के विकास को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।


