लक्सर। क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोरी के दो मामलों का कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के मुताबिक सीमली निवासी राजीव कुमार की स्पलेंडर प्लस और खानपुर थाना क्षेत्र के तुगलपुर निवासी गोविंद की एचएफ डीलक्स बाइक चोरी होने के मामले दर्ज हुए थे। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही वाहन चेकिंग अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान पुलिस ने जिशान (26) निवासी धनपुरा और अहसान (27) निवासी लक्सरी को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने बाइक चोरी की अन्य घटनाओं में भी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने कुल पांच मोटरसाइकिलें बरामद कीं।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। अहसान के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है।


